महिला को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी गिरफ्तार
सितारगंज में पवित्र सरकार नामक व्यक्ति को महिला सरस्वती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सरस्वती ने 15 अगस्त को ई-रिक्शा में आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसे गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां 19 अगस्त को उसकी मौत हो गई।

सितारगंज, संवाददाता। महिला को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 अगस्त को सितारगंज बाईपास रोड पर पुलिस को एक ई-रिक्शा में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वाहन में पवित्र सरकार और सरस्वती नाम की महिला के झुलसने की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सरस्वती ने ई-रिक्शा के अंदर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां से उन्हें डॉ. एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
यहा से भी सरस्वती को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां 19 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता दयाल चंद्र मंडल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच एसएसआई जावेद मलिक को सौंपी गई। जांच में पुलिस को पवित्र सरकार के शादीशुदा होने की पुष्टि हुई। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पूर्व में एक संस्था के माध्यम से कार्य करने के दौरान पवित्र का संपर्क सरस्वती से हुआ था, जिसके बाद पिछले 2-3 वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। पति से पारिवारिक विवाद के कारण सरस्वती मायके में अलग रह रही थी। जब दोनों के रिश्ते की जानकारी पवित्र के परिजनों को हुई तो घर में विरोध शुरू हो गया। परिजनों के विरोध के बाद पवित्र ने सरस्वती से बातचीत कम कर दी, जिससे परेशान होकर सरस्वती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद वह शक्तिफार्म पहुंची, जहां पंचायत में पवित्र ने परिवार के दबाव में सरस्वती से संबंध खत्म करने की बात कही। 15 अगस्त को सरस्वती सितारगंज पहुंचकर पवित्र के ई-रिक्शा में बैठी और खुद को आग लगा ली। पुलिस ने विवेचना के आधार पर मामले को बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) में तरमीम करते हुए सोमवार को आरोपी पवित्र सरकार उर्फ कन्हई निवासी बैकुण्ठपुर शक्तिफार्म को गिरफ्तार कर लिया।


