अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की दो भैंस, एक पिकअप गाड़ी, 42 हजार रुपये नकद और एक सब्बल बरामद हुआ है। ये आरोपी 19 जून को जमानाबाद से भैंस चोरी के मामले में शामिल थे और अन्य स्थानों से भी पशु चोरी की घटनाएं अंजाम दी थीं।

पुलिस ने शनिवार को अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो भैंस, घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी, 42 हजार रुपये नकद तथा एक सब्बल बरामद किया है। बरामद वाहन व अन्य सामान सहित कुल बरामदगी की कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। थाना क्षेत्र के गांव जमानाबाद निवासी कुलदीप सिंह के घर से 19 जून को भैंस चोरी होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी के निर्देशन में गठित टीम मामले की जांच में जुटी थी। शनिवार को संदिग्ध व्यक्तियों व वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से पिकअप गाड़ी व दो भैंसे भी बरामद की गईं। तलाशी लेने पर 42 हजार की नकदी व सब्बल भी बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 19 जून को जमानाबाद से भैंस चोरी की थी व अन्य स्थानों से भी पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। शनिवार को वे चोरी की भैंस बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, आकिल, छोटे व अहमद निवासी बगिया सागर थाना छजलैट (मुरादाबाद), सलीम निवासी ग्राम मिट्ठेपुर थाना नौगांवा सादात व अलाउद्दीन निवासी ग्राम कसरेवा थाना गजरौला शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के कई सदस्यों पर रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा व बिजनौर समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, डकैती, शस्त्र अधिनियम व अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। थाना अध्यक्ष कुलदीप तोमर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर चोर हैं। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज का चालान किया गया है।


