पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को भेजा जेल
हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
चक्रधरपुर के दलकी-02 गांव में एक 65 वर्षीय महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। 9 सितंबर को पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। मामला डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

चक्रधरपुर। सिमिदिरी पंचायत के दलकी-02 गांव में 65 वर्षीय महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे डायन बताते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।

