जुगसलाई में हथियार के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और हथियार के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक देसी पिस्टल, 7.65 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। हथियार के स्रोत की तलाश : पुलिस ने आरोपितों के पास से बरामद देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा जब्त किया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपितों ने हथियार किससे खरीदा या प्राप्त किया था और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया तो नहीं गया है। पुलिस इनके मोबाइल फोन और आपराधिक संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित किसी गिरोह से जुड़े हैं या फिर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार शाहनवाज उर्फ बिट्टू के खिलाफ जुगसलाई थाना में वर्ष 2024 में चोरी से संबंधित धारा 379 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा टाटानगर रेलवे थाना में उसके खिलाफ आरपीयूपी एक्ट के तहत भी कांड दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है। वहीं, शाहनवाज आलम उर्फ साहिल के खिलाफ जुगसलाई थाना में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में है। इसके अलावा बिष्टूपुर थाना में वर्ष 2022 का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।
अन्य आरोपितों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार मो. नसीम अंसारी और मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया के आपराधिक इतिहास की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की किसी पूर्व आपराधिक घटना में संलिप्तता रही है या नहीं। साथ ही गिरफ्तार सभी आरोपितों के बीच आपसी संबंध और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये हुए गिरफ्तार
शाहनवाज उर्फ बिट्टू (22), पिता स्व. मो. शमीम, मस्तान बाबा मजार के पास जुगसलाई
मो. शाहनवाज आलम उर्फ साहिल (21), पिता मो. बदर आलम, हबीब नगर, महतोपाड़ा रोड जुगसलाई
मो. नसीम अंसारी (20), पिता मो. नासिर अंसारी, पुरानी बस्ती रोड, हुला लाइन
मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया (21), पिता चौद गद्दी, मिल्लत नगर, महतोपाड़ा रोड जुगसलाई

