दो मासूम सगे भाइयों की हत्या में पांच आरोपी गिरफ्तार
बांदा के नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों बच्चों के शव 30 सितंबर को घर के पास गड्ढे में मिले थे। यह मामला बच्चों के पिता की तहरीर पर दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं।

बांदा। नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो सगे मासूम भाइयों की हत्या कर शव गड्ढे में छिपाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बच्चों के शव 30 सितंबर को घर के पास पानी भरे गड्ढे से बरामद हुए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। एएसपी शिवराज ने बताया कि नंदवारा गांव में दो सगे भाइयों के लापता होने की सूचना 30 सितंबर को मिली थी। सर्च अभियान के दौरान दोनों के शव घर के पास स्थित गड्ढे से बरामद किए गए। मामले में बच्चों के पिता भईयाराम की तहरीर पर एक अक्तूबर को नौ लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर नरैनी पुलिस ने पनगरा नहर पुलिया के पास हड़हा-कबौली मार्ग से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नंदवारा गांव निवासी भवानीदीन, उसका पुत्र अखिलेश, पत्नी श्यामलली, लम्बरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेन्द्र शामिल हैं। मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

