केस उठाने की धमकी और दो लाख की रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, मुंगेर
share

धरहरा में एक आरोपी को दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पीड़िता को पूर्व मामले को वापस लेने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

केस उठाने की धमकी और दो लाख की रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार

धरहरा, एक संवाददाता। पूर्व के मामले को वापस लेने की धमकी देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपित बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपित धरहरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी सत्यनारायण साव का पुत्र नीतीश कुमार है। खजुरिया गांव निवासी स्व. मुकेश मंडल की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया कि, मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दो हथियारबंद बदमाश उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। आरोप है कि, बदमाशों ने पूर्व में दर्ज मामले को वापस लेने की धमकी दी और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। घटना के बाद पीड़िता ने एसपी और स्थानीय थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही कासिम बाजार, धरहरा और लड़ैयाटांड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, जिसमें आरोपित के घर का दरवाजा खटखटाने की बात सामने आई है। पीड़िता के अनुसार, बदमाश दो बाइक पर पांच से छह की संख्या में पहुंचे थे.

पहले भी कई गंभीर मामलों में रहा है आरोपित:

गौरतलब है कि 3 जनवरी 2024 को गुड़िया देवी के पुत्र सन्नी कुमार के अपहरण का मामला सामने आया था। आरोप है कि मसूदन स्टेशन के समीप किऊल-जमालपुर डीएमयू ट्रेन से हथियार के बल पर युवक का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपहृत युवक को बरामद किया गया था और आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इधर 7 जनवरी 2025 को दुकान से सिगरेट नहीं लाने पर बालक अंशु कुमार की आंख में गोली मारने के मामले में भी नीतीश कुमार का नाम सामने आया था। इस मामले में 20 जनवरी को पटना पुलिस ने उसे धरहरा थाना पुलिस को सौंपा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और बाद में पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। आरोपित पर जमीनी विवाद में अपनी चाची पर गोली चलाने तथा उसे पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी फायरिंग करने के आरोप लगे हैं। थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नीतीश कुमार समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.

----------------

जालसाजी कर 14 चेक से 15.64 लाख की निकासी मामले में बैंक शाखा प्रबंधक हुए कोर्ट में पेश,

जमानत आवेदन पर सुनवाई के दौरान अधिवक्ता ने मांगा समय, आईओ पर जांच में लापरवाही का आरोप

मुंगेर, एक संवाददाता। जालसाजी कर 14 चेक के माध्यम से एसबीआई की खड़गपुर शाखा से 15 लाख 64 हजार रुपये की अवैध निकासी के मामले में जेल में बंद प्रकाश तांती उर्फ प्रकाश कुमार उर्फ प्रदीप कुमार के जमानत आवेदन पर बुधवार को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय राकेश कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई हुई। कोर्ट के आदेश पर एसबीआई शाखा प्रबंधक अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित हुए। सुनवाई के दौरान उनके अधिवक्ता ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा.

मामला खड़गपुर थाना कांड संख्या- 176/2025 से संबंधित है। इसमें बैंक शाखा प्रबंधक, कैशियर, एक अन्य बैंककर्मी, सूचिका की बेटी शिखा कुमारी तथा प्रकाश तांती को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इस मामले में सूचिका के अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता ओमप्रकाश पोद्दार ने आरोप लगाया कि, पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद आरटीआई अपील के आधार पर 1 अगस्त 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन इसके बाद पुलिस कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। उन्होंने बताया कि, पीड़िता उषा देवी ने 11 नवंबर 2025 को एसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। बाद में आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगने के बाद अनुसंधानकर्ता ने पीड़िता का दोबारा बयान दर्ज किया। पीड़िता उषा देवी ने बताया कि, उन्होंने चेकबुक जारी करने के लिए बैंक में आवेदन नहीं किया था, इसके बावजूद चेकबुक जारी हुई और उसके 14 चेक से कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खाते से 15.64 लाख रुपये की निकासी कर ली गई।

सामान्य प्रश्न

✦धरहरा में किसने रंगदारी मांगी है?−
धरहरा में नीतीश कुमार ने रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsकेस उठाने की धमकी और दो लाख की रंगदारी मांगने वाला बदमाश गिरफ्तार