लालच देकर धर्मांतरण कराने वाला प्रचारक गया जेल
पुलिस ने ईसाई धर्म प्रचारक प्रेमपाल को गिरफ्तार किया जो लोगों का धर्म परिवर्तन करने का प्रयास कर रहा था। उसे धर्म परिवर्तन के लिए पैसों और विवाह के प्रलोभन देने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। सभा में मौजूद लोगों ने विरोध किया और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस ने लालच देकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने वाले ईसाई धर्म प्रचारक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के पास से ईसाई धर्म का साहित्य और मोबाइल बरामद हुआ है। उसके साथ धर्मांतरण के कार्य में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि गुरुवार को गांव सैंजना में गजेंद्र पुत्र छेदालाल के घर में प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। सभा में मौजूद प्रचारक प्रेमपाल ने ईसाई धर्म को अन्य धर्मों से बेहतर बताते हुए लोगों का ब्रेनवाश करना शुरू कर दिया। देवताओं पर आपत्ति जनक टिप्पणी कर ईसाई धर्म अपनाने को प्रेरित किया।
लोगों के मना करने पर उन्हें पैसों और अपने धर्म में शादी कराने के प्रलोभन दिए थे। इस पर वहां मौजूद अमित, रोहित, धर्मेंद्र व तीरथराम आदि ने विरोध कर दिया। सूचना पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला प्रशासनिक प्रमुख, नगर अध्यक्ष वेदप्रकाश, जिला सुरक्षा प्रमुख सुमित एवं गोरक्षा प्रमुख अंकित मौके पर पहुंच गए। मीरगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अंकित ने आरोपी प्रचारक के खिलाफ मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। भुड़ासी के ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पहले ईसाई धर्म से जुड़े लोग गांव में सत्संग करते थे। ग्रामीणों के विरोध पर पुलिस ने सत्संग बंद करा दिया था।


