भाजपा महामंत्री हरीश के स्वागत जुलूस में दिल्ली से आई थी जेबकतरों का गैंग
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत जुलूस के दौरान जेबकतरों का एक गिरोह पकड़ा गया। नगर पुलिस और एसओजी ने भीड़ में सक्रिय रहते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से सात मोबाइल, दो बाइक और 7,700 रुपये नकद मिले। सभी आरोपी विभिन्न स्थानों के निवासी हैं और इसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

बस्ती। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत जुलूस में उमड़ी भीड़ जेबकतरों के गैंग के लिए मौका बन गई। भीड़ में शामिल होकर लोगों की जेब काटने और मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह के छह सदस्यों को नगर पुलिस और एसओजी ने दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से सात मोबाइल, दो बाइक और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी दिल्ली, गोंडा, मेरठ और अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक नगर रामप्रसाद यादव और एसओजी टीम ने नगर थाने में दर्ज चोरी के मामले की जांच के दौरान गिरोह का सुराग लगाया।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत जुलूस के दौरान पुलिस पहले से ही सक्रिय थी। भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और पुलिस टीम ने गिरोह के सदस्यों को एक-एक कर दबोच लिया। पूछताछ में उनके जुलूस में शामिल होकर जेब काटने और मोबाइल चोरी करने की बात सामने आई। गिरफ्तार आरोपियों में पारसनाथ जायसवाल निवासी बेतवा, थाना छपिया, गोंडा, संतोष बाजपेयी निवासी करतारनगर, भजनपुरा, पुरानी दिल्ली, सुनील कुमार निवासी खरखोदा, मेरठ, राकेश कुमार, समर और सत्यम निवासीगण अंबेडकरनगर शामिल हैं। आरोपियों की उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, दो बाइक और 7,700 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइलों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


