बुलंदशहर: गोकशी के आरोपियों पर पुलिस ने लगाई रासुका
चोला थाना क्षेत्र के गांव सब्दलपुर और सुतारी के जंगल में 15 अगस्त को हुई गोकशी मामले में पुलिस ने जेल में बंद दो आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की। आरोपियों पर गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत है और वे पहले से ही आपराधिक मामलों में संलिप्त हैं।

चोला थाना क्षेत्र के गांव सब्दलपुर व सुतारी के जंगल में 15 अगस्त की रात हुई गोकशी मामले में पुलिस ने जेल में निरुद्ध दो आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की है। थाना चोला प्रभारी दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि अमी खाँ पुत्र नबल खाँ व कासिम उर्फ कासम पुत्र फतेह मौहम्मद उर्फ नूरु उर्फ फत्ते निवासीगण गांव कौराली थाना चोला जनपद बुलन्दशहर शातिर किस्म के गौकश व गौतस्कर है। जिनके द्वारा 15 अगस्त की रात में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव सब्दलपुर व सुतारी के जंगल गौकशी की घटना को अंज़ाम दिया था। जिसके संबंध में थाना चोला पर गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
दोनों आरोपी फिलहाल जेल में निरुद्ध है। दोनों अभियुक्तों द्वारा जेल से बाहर आने के लिए न्यायालय में जमानत प्रार्थना पत्र प्रेषित किया गया था। क्योंकि दोनों अभियुक्त गौकश है। जिनके द्वारा जमानत पर बाहर आकर क्षेत्र मे गौकशी जैसे जघन्य अपराध की घटनाएं कर लोकशान्ति भंग की जा सकती थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ चोला समेत अन्य थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।


