बचपन बचाओ का संदेश लेकर निकली रैली, पॉक्सो कानून समझाया
गांधी जयंती पर पॉक्सो अधिनियम के जागरूकता अभियान का दूसरा चरण शुरू हुआ। शुक्रवार को अदालत परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बच्चों को बाल अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। न्यायाधीशों ने कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चे शोषण से बचाव के तरीके सीखे। नाबालिग के मामलों में कानूनी मदद की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

गांधी जयंती पर पॉक्सो अधिनियम के विशेष जागरूकता अभियान के दूसरे चरण में शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर से ब्लॉक गेट तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद सुदिति ग्लोबल अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार और कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और समाज को पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया। इसमें प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विवेक त्रिपाठी, एडीजे प्रथम पारूल जैन, विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट विकास गोस्वामी, एडीजे एफटीसी प्रथम राजीव वत्स समेत न्यायिक अधिकारी शामिल हुए।
सुदिति ग्लोबल अकादमी में सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि कानून की दृष्टि में 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति बच्चा है। बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। नाबालिग से जुड़े मामलों में सहमति का कानूनी महत्व नहीं होता। उन्होंने बच्चों को किसी भी तरह के शोषण, अनुचित स्पर्श अथवा असुरक्षित परिस्थिति में चुप न रहने की सलाह दी। न्यायिक मजिस्ट्रेट शालिनी त्यागी ने सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान कराई। उन्होंने बताया कि परेशानी या खतरे की स्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, पुलिस और विधिक सेवा संस्थाओं से सहायता ले सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। जीएस लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने ‘बचपन बचाओ और कानून को जानो, अपना भविष्य सुरक्षित करो’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में बचपन बचाओ, कानून जानो और भविष्य सुरक्षित करो विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। कार्यक्रम में एसडीएम सदर, सीओ सिटी अभितेष सिंह, डीआईओएस कमलेश पांडेय, बीएसए संजीव कुमार, प्रधानाचार्य कंचनलता तिवारी, देवशक्ति की संचालिका बेबी सोनी और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।

