योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम
मधेपुरा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएम अभिषेक रंजन ने जनप्रतिनिधियों को सौर ऊर्जा के महत्व के बारे में जागरूक किया और उन्हें अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने की सलाह दी। इस योजना का लक्ष्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।

मधेपुरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए स्थानीय कला भवन में सोमवार को पंचायत प्रतिनिधियों के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जनप्रतिनिधियों एवं आमलोगों जागरूक करते हुए जिले में रूफटॉप सोलर को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना था। उन्मुखीकरण के दौरान डीएम ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि सबसे पहले वे अपने आवास एवं कार्यालय परिसर में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगवाएं, ताकि वे स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आमजनों के लिए रोल मॉडल बन सकें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से योजना के प्रति लोगों में विश्वास और जागरूकता बढ़ेगी। डीएम ने सभी संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पात्र आवेदकों के ऋण आवेदनों का ससमय निष्पादन और ऋण स्वीकृति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं और कनीय विद्युत अभियंताओं को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। कहा गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना और घरेलू उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने पर अनुदान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, नगर निकायों के अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य एवं प्रतिनिधिगण, प्रखंड प्रमुख एवं प्रतिनिधिगण, पंचायतों के मुखिया, सरपंच एवं पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।


