सुब्रतो कप में घाघरा विद्यालय का जलवा, विजेता खिलाड़ियों और शिक्षकों का हुआ सम्मान
फोटो भवनाथपुर दो: सुब्रतो कप प्रतियोगिता में शामिल छात्रों के साथ शिक्षक भवनाथपुर, प्रतिनिधि। 65वीं

भवनाथपुर, प्रतिनिधि। 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता एवं लिटिल चैंपियन फुटबॉल में पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय घाघरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
खेल के परिणाम
अंडर-15 और अंडर-12 बालक वर्ग में भवनाथपुर स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद टीम ने जिला स्तर पर भी दमदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-15 वर्ग की टीम सेमीफाइनल में पेनाल्टी शूटआउट में हाई स्कूल बरडीहा से एक गोल से हारकर बाहर हो गई, जबकि अंडर-12 टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। मुकाबले में टीम के कप्तान सुमित कुमार को मैन ऑफ द मैच" चुना गया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर मंगलवार को प्रार्थना सभा के दौरान सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सम्मान समारोह
विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय में मिठाइयां बांटी गईं। प्रधानाध्यापिका उर्मिला कुमारी ने कहा कि यह सफलता टीम भावना, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। सहायक शिक्षक राकेश कुमार चौबे ने खेलों को बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में शिक्षक मदन राम और उदय कुमार की विशेष भूमिका रही। उन्हें भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


