रसोइयों को चार सौगातें, मानदेय बढ़कर तीन हजार रुपये
प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और दुर्घटना बीमा की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री का संबोधन व लाइव प्रसारण किया गया। रसोइयों की भूमिका को सराहा गया और उन्हें बच्चों के पोषण का प्रहरी बताया गया।

पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों के लिए मानदेय वृद्धि, चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना बीमा और गणवेश के लिए बढ़ी धनराशि की घोषणा की गई। रसोइयों के चेहरे खुशी से खिल गए। कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसमें रसोइयों का मानदेय एक हजार रुपये बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने, पांच लाख रुपये का कैशलेस चिकित्सा कार्ड, भारतीय स्टेट बैंक की ओर से दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और गणवेश के लिए धनराशि 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये करने की घोषणा की गई।
राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि रसोई बनाने वाली महिलाएं बच्चों को मातृवत स्नेह भी देती हैं। विधायक पूजा पाल ने सरकार के निर्णयों के लिए आभार जताया। जिपं अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने रसोइयों को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की प्रहरी बताया। सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने रसोइयों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और कैशलेस चिकित्सा कार्ड के लिए आवश्यक पंजीकरण कराने की अपील की। बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि पीएम पोषण योजना की सफलता में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

