संबोधन: हाइड्रोजन ट्रेन मेक इन इंडिया अभियान की सफलता: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्धाटन किया। हाइड्रोजन ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर की दूरी को दो घंटे में तय करेगी। उन्होंने युवाओं को रोजगार के नए अवसरों के साथ-साथ खेलों की मेज़बानी की भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन मेक इन इंडिया अभियान का सफल उदाहरण है। हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाने के बाद उन्होंने ये बात कही। प्रधानमंत्री ने हरियाणा में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत ढांचे से जुड़ी 14,700 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय रेलवे ने 3200 हॉर्स पावर और दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ाने का बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा, दुनिया के तीन- चार देशों में ही हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ रही है। भारत ने दुनिया की सबसे लंबी दस कोच वाली हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ाकर इस क्षेत्र में झंडा गाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जींद में और मूलभूत ढांचों का विकास होगा। हाइड्रोजन ट्रेन नेटवर्क के लिए यहां नई कंपनियां आएंगी जिससे हरियाणा के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। पश्चिम एशिया संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत समुद्री मार्ग होर्मुज से बड़ी मात्रा में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस और खाद मंगाता था। बीते तीन से चार माह में ये समुद्री रास्ता संघर्ष का केंद्र बन गया है। ईंधन संकट के बावजूद देश और रेलवे का विकास प्रभावित नहीं हुआ। अगर ये स्थिति 2014 से पहले पैदा हुई होती तो भारतीय रेल से जुड़े सारे काम बाधित हो गए होते। इसके बाद चंडीगढ़ पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने 4700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास किया। चंडीगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ देश के लिए सुनियोजित विकास का मॉडल है। चंडीगढ़ का विकास होगा तो इसका लाभ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को मिलेगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चंडीगढ़ पर 2500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं。
दो घंटे में जींद से सोनीपत
हाइड्रोजन ट्रेन से जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर की दूरी महज दो घंटे में पूरी होगी। कुल 12 स्टेशन होंगे जिससे बड़ी संख्या में लोगों को इस ट्रेन से सफर का अवसर मिलेगा। दस कोच वाली ट्रेन का संचालन 1200 किलोवाट हाइड्रोजन फ्यूल सेल से होगा। अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा है। ट्रेन के संचालन से सिर्फ पानी का भाप निकलेगा जिसका पर्यावरण पर कोई असर नहीं होगा।
दिल्ली से कटरा छह घंटे में
प्रधानमंत्री ने हरियाणा में दिल्ली- अमृतसर कटरा एक्सप्रेस का उद्धाटन किया। 9680 करोड़ की लागत से बनी 157 किलोमीटर की चार लेन सड़क से वैष्णों देवी का सफर सरल होगा। इससे दिल्ली- कटरा का सफर अब 14 की बजाए सिर्फ छह घंटे में पूरा होगा। वहीं दिल्ली से अमृतसर आठ घंटे की बजाए महज चार घंटे में पहुंच सकेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद की धरती महाराजा रंजीत सिंह के वैभव और पांडवों से जुड़ी है।
जींद से मिला प्यार नहीं भूला
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद के दौरे से पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। मैं यहां से मिले प्यार को नहीं भूल सकता। जींद का घी और घेवर वर्षों से नहीं बदला है लेकिन तेवर बदल गया है। उन्होंने कहा, जींद भाजपा के गुड गवर्नेंस का मॉडल है। अब जब-जब हाईड्रोजन ट्रेन का नाम लिया जाएगा तब जींद, सोनीपत और हरियाणा के नाम का जिक्र होगा। स्वच्छ ईंधन से दौड़ने वाली इस ट्रेन के लिए सभी को बधाई।
समस्या का समाधान सबसे पहले
प्रधानमंत्री ने कहा कि, पश्चिम एशिया संकट जैसी स्थिति 2014 से पहले होती तो देश की ट्रेन के पहिए थम गए होते क्योंकि अधिकतर ट्रेन का संचालन डीजल ईंधन से होता था। उन्होंने कहा कि मोदी समस्या का समाधान पहले खोज लेता है और जमीनी स्तर पर उसे लागू करना हमारी प्राथमिकता होती है। बीते 12 वर्षों में देश के 99 फीसदी रेल नेटवर्क का विद्युतिकरण हो चुका है। हरियाणा में ये दर 100 फीसदी है।
हरियाणा के युवाओं को होगा लाभ
प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सरकार से हरियाणा के युवाओं और खेल पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दोनों देश खेल उद्योग, एथलीटों के प्रशिक्षण और दूसरे क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करेंगे। इस पहल से सबसे अधिक फायदा हरियाणा के युवाओं को होगा। भारत में खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा।
युवा खिलाड़ियों की पूरी मदद
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी को पता है कि वर्ष 2030 में भारत राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेज़बानी की कोशिश में लगा है। इसे देखते हुए भारतीय एथलीट को पूरी शिद्दत के साथ तैयारी करनी चाहिए। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आपकी पूरी मदद करेगी।
सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी
हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित एवं भावी पीढिय़ों तक पहुंचाने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी। लगभग 164 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह संग्रहालय सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं, वीरता, बलिदान और भारतीय संस्कृति में सिख समुदाय के अमूल्य योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा।


