57,262 किसानों के खाते में पहुंची 11.45 करोड़ की सम्मान निधि
मुंगेर के कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों के खातों में 23वीं किस्त के तहत 11.45 करोड़ रुपये की राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की। इस अवसर पर कई किसानोपयोगी योजनाओं का शुभारंभ भी किया गया।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेर में शनिवार को पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर पीएम लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल के दीघा से हो रहे इस कार्यक्रम में पीएम ने देशभर के किसानों के खाते में 23वीं किस्त के रूप में किसान सम्मान निधि की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि पीएम किसान उत्सव दिवस समूचे देश में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुंगेर जिले के 57,262 किसानों के खाते में कुल 11.45 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई। केंद्र में विशेष व्यवस्था के तहत बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसे 150 महिला एवं पुरुष किसानों ने देखा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिजिटल कृषि मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती मिशन तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना समेत कई किसानोपयोगी योजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया गया।


