वैश्विक चुनौतियों के बीच तेजी से बढ़ रहा भारत : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत मजबूत बुनियाद और सुधारों के दम पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अप्रैल-जून 2026 में आर्थिक वृद्धि 7.8 फीसदी रही और विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर से अधिक है। मोदी ने जीएसटी, दिवाला संहिता और श्रम सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी डिजिटल क्षमता, सस्ती दवाओं और प्रतिभा से दुनिया के लिए नए अवसर पैदा करना चाहता है।

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की भूमिका
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के मौजूदा दौर में भी भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। हमारी तेज आर्थिक वृद्धि मजबूत बुनियाद और लगातार हो रहे सुधारों पर आधारित है। भारत अपनी नीतियों, कार्यक्रमों और सुधारों के जरिए दुनिया को भरोसे और स्थिरता का संदेश दे रहा है। नई दिल्ली में आयोजित ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनॉमी फोरम’ में उन्होंने कहा कि भारत दूसरे देशों को नुकसान पहुंचा कर नहीं, बल्कि सबकी समृद्धि के साथ अपनी वैश्विक आर्थिक भूमिका बढ़ाना चाहता है। मोदी ने कहा कि हम किसी की कीमत पर विकास नहीं करते। हम दुनिया के साथ और दुनिया के लिए विकास करते हैं। उन्होंने भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार में बाधाओं और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों तथा संसाधनों को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भारत को एक भरोसेमंद आर्थिक साझेदार के रूप में पेश किया।
आर्थिक वृद्धि और विदेशी मुद्रा भंडार
पीएम मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्लेख करते हुए कहा कि अप्रैल-जून 2026 की पहली तिमाही में देश की आर्थिक वृद्धि 7.8 फीसदी रही। यह वृद्धि मजबूत आर्थिक आधार पर टिकी है। इसने साबित कर दिया कि भारत की वृद्धि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तुलना में सबसे तेज रही। आज हमारा विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर से ज्यादा है।
आर्थिक सुधारों की रफ्तार
सुधारों की रफ्तार जारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत स्पष्ट नीतिगत दिशा के साथ आर्थिक सुधार कर रहा है। उन्होंने जीएसटी, दिवाला संहिता, चार नई श्रम संहिताओं और कारोबार से जुड़े कानूनों में छोटे-मोटे उल्लंघनों के लिए जेल की सजा के प्रावधान हटाने जैसे कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘सुधार हमारे लिए मजबूरी नहीं, संकल्प है।’
भारत की क्षमता से दुनिया को लाभ
भारत की क्षमता का दुनिया को लाभ
मोदी ने कहा कि भारत अपनी क्षमता को केवल देश तक सीमित नहीं रखना चाहता। डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का अनुभव दूसरे देशों के साथ साझा किया जा रहा है। कोविड के दौरान बनाया गया कोविन प्लेटफॉर्म भी ओपन सोर्स था। उन्होंने कहा कि भारत की क्षमता दूसरे देशों के लिए नए अवसर पैदा करे, यही भारत का प्रयास है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सस्ती दवाओं से लेकर प्रतिभा तक दुनिया भारत पर भरोसा करती है। जब दुनिया को सस्ती दवाओं की जरूरत होती है तो हर पांच में से एक जेनेरिक दवा भारत से आती है। डिजिटल पहचान और भुगतान के क्षेत्र में भी भारत के मॉडल को दुनिया में देखा जा रहा है।

