पीएम मोदी के जन्मदिन पर अस्पतालों में गूंजेगा सेवा का संकल्प
-डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ, विशेष संवाददाता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान फल वितरित किए जाएंगे, जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर फल वितरण किया जाएगा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानवीय संवेदना और सेवा भाव को भी मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।राजधानी
में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में मेदांता अस्पताल, कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट, लाइफ केयर चैरिटेबल ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर, अवध चैरिटेबल ब्लड बैंक, चरक अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, सिविल अस्पताल, केजीएमयू, लखनऊ विश्वविद्यालय के ओल्ड कैंपस और लोकबंधु राजनारायण अस्पताल समेत विभिन्न संस्थान शामिल हैं। इन शिविरों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।


