सेवा संकल्प अभियान: मेडिकल अस्पताल में जगाई सेवा-जागरूकता की अलख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिजनौर स्थित महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई, अंगदान संकल्प, रक्तदान शिविर और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राचार्य और चिकित्सा अधिकारियों ने रक्तदान कर सभी को प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर एवं संबद्ध चिकित्सालय में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रमों की शुरुआत प्राचार्य डॉ. ललिता चौधरी के मार्गदर्शन में प्रातः श्रमदान से हुई। महाविद्यालय एवं चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई के उद्देश्य से श्रमदान किया गया, जिसमें चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात “अंगदान संकल्प सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिसर में डॉ. खुशबू यादव, असिस्टेंट प्रोफेसर, एनाटॉमी विभाग द्वारा उपस्थित चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को अंगदान की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
वहीं चिकित्सालय परिसर में उप प्राचार्य डॉ. तुहिन वशिष्ठ द्वारा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को अंगदान की प्रतिज्ञा दिलाई गई। अभियान के अंतर्गत ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों, मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित अन्य लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ललिता चौधरी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। “सेवा दिवस” के अंतर्गत मरीजों एवं उनके परिजनों के प्रति सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना के साथ एनआरसी, इमरजेंसी एवं विभिन्न वार्डों में फल वितरण किया गया। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता से संवाद करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

