‘सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा का जश्न मनाने और 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को बढ़ावा देने के लिए कौशाम्बी में 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया जाएगा। शाम को विभिन्न स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा, और स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।

कौशाम्बी, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जन कल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को अपने-अपने घरों में शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ के तहत दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों एवं महाविद्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। विशिष्ट स्थलों पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जिसमें शिव मंदिर मूरतगंज, कुबरी घाट, कड़ा धाम, राम वनगमन मार्ग, मेडिकल कॉलेज मंझनपुर, मॉडल पार्क मंझनपुर, बौखरनाथ मंदिर सरसवां, वृद्धा आश्रम ओसा, राजकीय महिला महाविद्यालय सिराथू, पल्हना घाट, आश्रम पद्धति विद्यालय कोईलहा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मूरतगंज एवं एक्सीलेंस सेंटर कोखराज शामिल हैं।इसी
क्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय अकिल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। उदयन सभागार, विकासखंड सभागार चायल एवं विकासखंड सभागार सिराथू में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


