सेवा संकल्प अभियान से जेन जी व जेन अल्फा को जोड़ेंगे शिक्षण संस्थान
- स्कूलों से विश्वविद्यालयों तक प्रतियोगिताएं होंगी - उच्च शिक्षा मंत्री ने बैठक कर तैयारियों

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान से जेन जी व जेन अल्फा को भी जोड़ा जाएगा। बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा व उच्च शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे। स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अवधि
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से लेकर 17 अक्तूबर तक चलेगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के सरकारी आवास पर बैठक की गई। इसमें माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी शामिल हुए। अभियान में 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं का आयोजन
माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। सभी सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा पांच से कक्षा आठ तक के छात्रों के लिए कला प्रतियोगिता, कक्षा नौ से कक्षा 12 तक के छात्रों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन विद्यालय, ब्लॉक व जिला स्तर पर किया जाएगा। उत्कृष्ट ड्राइंग का चयन कर जिला स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। फिर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन होगा। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं से संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा। विकसित भारत-विकसित उप्र की थीम पर कला, भाषण व अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


