सांसद अजय भट्ट ने विकास कार्यों का लिया जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सांसद अजय भट्ट ने खटीमा में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लिया, पौधरोपण किया, और किसानों से मिलकर जैविक खेती को बढ़ावा देने की सराहना की।
खटीमा, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास और जनकल्याण के’ विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सांसद अजय भट्ट ने खटीमा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और आमजन एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया। सांसद भट्ट ने खटीमा रोडवेज बस अड्डा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहेनिया निवासी किसान प्रदीप मौर्य और सड़ासड़िया निवासी सरदार अमरीक सिंह से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की।
अभियान के अंतर्गत सांसद ने चांदा, चंदेली, चारुबेटा, कंजाबाग, हिल व्यू कॉलोनी और भूड़ महोलिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, दर्जाधारी रणजीत सिंह नामधारी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला महामंत्री रमेश जोशी, मंडल अध्यक्ष बलदेव सिंह, महेश राणा, ओम नारायण राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


