रेलमार्ग से जुउ़ा मप्र का धार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिससे मध्यप्रदेश के धार जिले को रेलमार्ग से जोड़ा गया। इससे धार के लोगों को टांडा रोड से प्रताप नगर तक ट्रेन की सुविधा मिलेगी। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने क्षेत्र के विकास और रोजगार के अवसरों पर जोर दिया।

धार (मप्र), एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में एक कार्यक्रम के दौरान वडोदरा और मध्यप्रदेश के धार जिले के टांडा रोड के बीच मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश का आदिवासी बहुल धार जिला देश की आजादी के आठ दशक बाद रेलमार्ग से जुड़ गया। धार जिले के लोगों को अब टांडा रोड से प्रताप नगर तक आसानी से ट्रेन उपलब्ध होगी। टांडा रोड में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, अलिराजपुर से विधायक नागर सिंह चौहान और कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, रेल सेवा से क्षेत्र का विकास होगा।
किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए सफर आसान बनेगा। नए उद्योग आएंगे और रोजगार के अवसर खुलेंगे। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा के प्रतापनगर और धार के टांडा रोड स्टेशन के बीच 12 डिब्बों वाली मेमू ट्रेन का संचालन हर दिन होगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री ने वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन की आधारशिला भी रखी।


