भारत की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का संगीत, नृत्य, सिनेमा और खान-पान दुनिया के समाजों को देश से जोड़ते हैं और भारत की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। सम्मेलन के लिए संदेश में उन्होंने स्मारकों के संरक्षण, ‘ज्ञान भारतम’ पहल के तहत पांडुलिपियों की सुरक्षा और विदेश से प्राचीन वस्तुओं की वापसी के प्रयासों का उल्लेख किया।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत का संगीत, नृत्य, सिनेमा और खान-पान देश को दुनियाभर के समाजों से जोड़ता हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। विज्ञान भवन में 14 से 16 अक्तूबर तक आयोजित ‘बृहत्तर भारत: भारत के वैश्विक सांस्कृतिक संबंधों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन’ में भाग लेने वालों के लिए एक लिखित संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि स्मारकों को संरक्षित करने के अलावा, सरकार ‘ज्ञान भारतम’ पहल के माध्यम से भारत की पांडुलिपि विरासत को भी संरक्षित कर रही है। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।पीएम
मोदी ने अपने संदेश में कहा कि विदेश से प्राचीन वस्तुओं को वापस लाने के प्रयासों को नई गति मिली है। संस्कृति मंत्रालय के तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। यह सम्मेलन भारत की सांस्कृतिक विरासत और सीमाओं से परे उसकी व्यापक सभ्यतागत विरासत पर केंद्रित है।

