बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र से मिलेगी भरपूर मदद : प्रधानमंत्री
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ से प्रभावित अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने सांसदों के साथ बैठक में राहत और सहायता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दोनों राज्यों में जान-माल का नुकसान हुआ है, जिसमें 70 से ज्यादा लोग मारे गए और तीन लाख से ज्यादा प्रभावित हुए।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार बाढ़ से पैदा हुई चुनौतियों से निपटने के लिए अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड की सरकारों के साथ मिलकर काम करती रहेगी। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों के साथ बैठक हुई। हमने वहां बाढ़ के बाद इन राज्यों की स्थिति पर चर्चा की। सभी की भलाई और सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।बैठक में शामिल संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को पूरी मदद का भरोसा दिलाया और प्रभावित लोगों को समय पर राहत और सहायता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए हैं।
अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड, दोनों ही राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन हुआ है, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ है। नगालैंड और असम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण असम के तीन जिलों में भीषण बाढ़ आई, जिसमें 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए और एक बड़ा इलाका जलमग्न हो गया।


