संबोधन: पंजाब की आप सरकार कट्टर बेईमान: मोदी

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर कट्टर बेईमानी का आरोप लगाया है। जालंधर में 5470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और विकास कार्य ठप हैं। पूर्व सहयोगी पार्टी शिअद और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

संबोधन: पंजाब की आप सरकार कट्टर बेईमान: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमला बोलते हुए उसे कट्टर बेईमान करार दिया। जालंधर में शुक्रवार को 5470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए ये बात कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप सरकार को कट्टर बेईमान बताते हुए आरोप लगाया कि पंजाब के नाम पर लगातार कर्ज लिया जा रहा है। राज्य के बजट का बड़ा हिस्सा उसी कर्ज का ब्याज और भुगतान करने में खर्च हो रहा है, जबकि सरकार चलाने वाले लोग उस धन का लाभ उठा रहे हैं। आप के शासन में पंजाब में खुली लूट मची हुई है। केंद्रीय सरकार द्वारा भेजे गए करोड़ों रुपये का उपयोग सड़कों, नहरों और मंडियों के निर्माण में किया जा सकता था, लेकिन सही इस्तेमाल नहीं हो रहा। उन्होंने कहा, राज्य सरकार की न तो नीयत साफ है और न ही उसमें ईमानदारी है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और यहां तक कि पुलिस थाने भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बदहाल है। कोई नहीं जानता कि कब और कहां गैंगवार शुरू हो जाए या किस दिशा से गोलियां चलने लगें। पंजाब में खुलेआम रंगदारी मांगी जा रही है और लगातार हो रहे हमलों के कारण थाने भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने कहा कि भले पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार राज्य के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.

शिअद पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने भाजपा की पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल पर तंज कसते हुए कहा कि वह जनता के कल्याण की चिंता छोड़कर अपने आंतरिक मामलों में उलझी हुई है। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही पंजाब में बदलाव ला सकती है।

पंजाब में विकास कार्य ठप

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पूरे पंजाब में विकास कार्य ठप हैं। जिन परियोजनाओं का प्रचार किया जा रहा है वे सभी केंद्र सरकार की योजनाएं हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि जालंधर अब विकास का गवाह बन रहा है जहां कई नई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है।

कांग्रेस पर भी बोला हमला

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले रेलवे की क्या स्थिति थी? उस समय की कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों की केवल झूठी घोषणाएं करती थी। पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान पर उन्होंने कहा कि वे जनता के लिए नहीं, बल्कि आपस में लड़ रहे हैं।

सुविधाओं से लैस स्टेशन शुरू

प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 20 राज्यों में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। 1,570 करोड़ रुपये की लागत से इन स्टेशनों पर आधुनिक और यात्री-अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। अमृतसर -वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सामान्य प्रश्न

प्रधानमंत्री ने पंजाब की सरकार पर किस आरोप लगाया?
प्रधानमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कट्टर बेईमानी का आरोप लगाया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsसंबोधन: पंजाब की आप सरकार कट्टर बेईमान: मोदी