प्रधानमंत्री ने विभाजन से प्रभावित लोगों के साहस को याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त 1947 को हुए विभाजन के पीड़ितों को याद किया। सरकार 2021 से इस दिन को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना ने बहुत सी जिंदगियाँ तबाह कीं, लेकिन लोगों ने विपरीत परिस्थितियों की चुनौती का सामना कर फिर से अपना जीवन शुरू किया।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त 1947 में हुए देश के विभाजन के पीड़ितों को शुक्रवार को याद किया। केंद्र सरकार देश के विभाजन के बाद हुए दंगों और बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापन के दौरान जान गंवाने वालों की याद में वर्ष 2021 से 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में मना रही है।प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा, आज हम विभाजन से प्रभावित सभी लोगों के साहस को याद कर रहे हैं। यह इतिहास का एक ऐसा क्षण था, जिसने कई जिंदगियां तबाह कर दीं। कई परिवार उजड़ गए, कई लोगों को अपनों को खोना पड़ा और लोगों ने अत्यधिक पीड़ा झेली।
प्रधानमंत्री ने कहा, इस उथल-पुथल के बावजूद लोगों ने शून्य से अपना जीवन फिर शुरू किया, विपरीत परिस्थितियों को उपलब्धियों में बदला और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इन लोगों का जीवन सभी को मानवीय जिजीविषा की शक्ति की याद दिलाता है। मोदी ने कहा, यह दिन देश में सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने के हमारे संकल्प को और मजबूत करे।


