प्रधानमंत्री ने ओलंपियाड में विजेता भारतीय टीमों को सराहा
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान ओलंपियाड में विजेता भारतीय टीमों की सराहना की। भारत की युवा प्रतिभा ने लिथुआनिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें जीव विज्ञान ओलंपियाड में एक स्वर्ण और रसायन विज्ञान ओलंपियाड में गोल्ड मेडल शामिल है। मोदी ने इन सफलताओं को अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय जीव विज्ञान (बायोलॉजी) और रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) ओलंपियाड में विजेता भारतीय टीमों की सराहना की। मोदी ने कहा कि भारत के युवा अपनी उपलब्धि और बेहतरीन प्रदर्शन से दुनियाभर में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘यह बहुत खुशी की बात है कि लिथुआनिया के विलनियस में 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी चार सदस्यों ने मेडल जीते, जिनमें एक गोल्ड मेडल भी शामिल है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों भव्य गुनवाल, सौमिल माइती, निशित कलानी और अनमोल कुमार पर गर्व है।’
पीएम ने कहा कि उन्हें यकीन है कि यह कामयाबी अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी।एक अन्य पोस्ट में मोदी ने 58वें इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय टीम के सदस्यों देबदत्ता प्रियदर्शी, हर्षित सिंघल, कबीर चिल्लर और संदीप कुची को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति दुनिया भर में अपनी पहचान बना रही है। इस प्रतिष्ठित मंच पर यह भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


