खेलो इंडिया संवाद को लेकर जामताड़ा में तैयारी तेज, 27 अगस्त को पीएम मोदी खिलाड़ियों से करेंगे संवाद
माय भारत जामताड़ा और एनएसएस द्वारा 27 अगस्त 2026 को पीएम मोदी के साथ खिलाड़ियों के संवाद कार्यक्रम को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जामताड़ा महाविद्यालय और मॉडल कॉलेज फतेहपुर नाला का चयन किया गया है। यह संवाद खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और क्षमताओं को बढ़ाने में सहायक होगा।

माय भारत जामताड़ा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जामताड़ा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में खेलो इंडिया संवाद को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में माय भारत जामताड़ा की उपनिदेशक उत्तर विश्वास, एनएसएस की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. काकुली गोराई, डॉ मोहम्मद रिजवान एवं डॉ रेशमा टोप्पो मौजूद रहीं। वही जामताड़ा माय भारत की उपनिदेशक उत्तर विश्वास ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के खिलाड़ियों से खेल की बात पीएम मोदी के साथ संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जुड़ेंगे। इसके लिए जामताड़ा जिले के दो महाविद्यालयों जामताड़ा महाविद्यालय एवं मॉडल कॉलेज फतेहपुर नाला का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह संवाद महत्वपूर्ण है। एनएसएस के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ काकुली गोराई एवं डॉ मोहम्मद रिजवान ने कहा कि जामताड़ा महाविद्यालय का चयन गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का संवाद सुनने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।


