Pilibhit News: रोपित पौधों की जिम्मेदारी भी हमारा दायित्व : मंडलायुक्त
Pilibhit News: पीलीभीत में मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस चौधरी की अध्यक्षता में पौधरोपण महायज्ञ 2026 अभियान की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पौधों की देखभाल की आवश्यकताओं पर चर्चा की गई और 12 जुलाई को 40 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया। 47 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाने की योजना बनी।

Pilibhit News: पीलीभीत। मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस चौधरी की अध्यक्षता में पौधरोपण महायज्ञ 2026 अभियान की समीक्षा बैठक में एक एक विभाग से की गई तैयारियों को पूछा गया। इसमे कमिश्नर ने साफ तौर पर कहा कि पौधरोपण के बाद रोपित पौधों की चिंता भी जरूरी है। इसका भी दायित्व हमारा है। सितंबर माह में रोपित पौधों का सत्यापन भी कराएंगे।
बैठक का आयोजन
गांधी सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुकत ने कहा कि 12 जुलाई को पौधारोपण महायज्ञ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले में करीब चालीस लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। कहा कि16 ग्राम पंचायतों में मां गोमती नदी के किनारे 47 किलोमीटर लम्बी मानव श्रृखंला बनाई जायेगी।
विशिष्ट वन की जानकारी
बैठक में डीएफओ द्वारा विशिष्ट वनों का विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के सम्बन्ध में अबतक कृत कार्यवाही, बैठक, पौध भंडार आदि के संबंध में अवगत कराया तथा विशिष्ट वन के अंतर्गत एकलव्य वन, गोपाल वन, अटल वन, आक्सीवन, शौर्यवन, त्रिवेणीवन, कपिवन आदि की विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
सभी विभागों की रिपोर्ट
मंडलायुक्त ने समस्त विभागों को पौधरोपण के लिए दिए गए लक्ष्य, पौधों का उठान व मृदा कार्य से संबंधित की गई तैयारियां पर रिपोर्ट ली। वन विभाग, पर्यावरण विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, राजस्व, पंचायतराज, आवास विकास विभाग, औद्योगिक विकास, नगर विकास, लोक निर्माण, जल शक्ति, रेशम, कृषि, पशुपालन विभाग, सहकारिता, उद्योग, ऊर्जा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन, रेलवे, रक्षा विभाग, उद्यान विभाग एवं गृह विभाग विभागवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पेड़ लगाने का संकल्प
उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम सभी लोग अवश्य रोपित करें। रोपित पौधो के देखरेख के लिए संकल्प दिलाया जाये। उन्होंने कहा कि सितम्बर माह में लगाये गये पौधों का सत्यापन कराया जाये। बैठक में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी वित्त, डीएफओ सामाजिक वानिकी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, उपायुक्त स्वतः रोजगार, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, गोमती ट्रस्ट, नेकी की दीवार व गायत्री परिवार के पदाधिकारी सहित समस्त सम्बन्धित विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।


