खेल : टेबल टेनिस में पायस और सिंड्रेला ने खिताब जीते
कानपुर, एजेंसी। दिल्ली के पायस जैन और पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास ने रविवार यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला

कानपुर, एजेंसी। दिल्ली के पायस जैन और पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास ने रविवार को यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुष और महिला एकल का खिताब जीत लिया। पायस ने फाइनल में पीएसपीबी के मानव ठक्कर को 4-1 से जबकि सिंड्रेला ने महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक को कड़े मुकाबले में 4-2 से मात दी। सिंड्रेला इससे पहले अंडर-19 वर्ग में तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 4-1 से हराकर चैंपियन बनी थी। तीसरी वरीयता प्राप्त पायस और दूसरी वरीयता वाले मानव के बीच जोरदार रैलियों और उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में दोनों ने कई बार अपना दबदबा बनाया, लेकिन अंत में पायस ने बाजी मार ली।
महिला एकल का फाइनल भी कड़ा रहा। चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों के बढ़ते प्रभाव की भी झलक देखने को मिली। कई अनुभवी और शीर्ष खिलाड़ियों को फाइनल से पहले ही बाहर होना पड़ा। शीर्ष वरीय मनुष शाह और यशस्विनी घोरपड़े को एकल सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। क्वालिफायर के जरिए मुख्य दौर में पहुंची श्रीजा अकुला अंतिम 16 से आगे नहीं बढ़ सकीं।


