यूरोपीय कार कंपनियां भारत को देंगी प्राथमिकता: गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि यूरोप के अव्यावहारिक नियम वहां वाहन विनिर्माण को कम प्रतिस्पर्धी बना सकते हैं और यूरोपीय कार कंपनियां भारत में उत्पादन करना पसंद करेंगी। उन्होंने भारत के मुक्त व्यापार समझौतों, कार आयात कोटा और युवा आबादी से मिलने वाले अवसरों का जिक्र किया। रेनो ने बताया कि ब्रिजर एसयूवी भारतीय बाजार के लिए विकसित और डिजाइन की गई है।

नई दिल्ली, एजेंसी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि यूरोप के नियमों के कारण वहां वाहनों का विनिर्माण प्रतिस्पर्धी नहीं रह जाएगा और ऐसे में यूरोप की सभी कार कंपनियां भारत में विनिर्माण करना पसंद करेंगी। भारत वैश्विक कार विनिर्माण केंद्र बनने जा रहा है। यहां 'दिल्ली डायलॉग' कार्यक्रम में उन्होंने कहा, सभी कंपनियां भारत आएंगी और यहां उत्पादन करेंगी। यूरोप में इतने अव्यावहारिक नियम हैं कि वहां प्रतिस्पर्धी बने रहना असंभव हो जाएगा। सभी यूरोपीय निर्माता भारत आएंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने मुक्त व्यापार समझौतों के तहत ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) को कोटा आधारित शुल्क रियायतें दी हैं। ब्रिटेन के साथ समझौता 15 जुलाई से लागू हो गया था, जबकि यूरोपीय संघ के साथ समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की संभावना है।
टाटा का अनुभव और यूरोपीय नियमों पर चिंता
गोयल ने कहा, मुझे नहीं पता कि आप इस बारे में जानते हैं या नहीं। टाटा को जगुआर खरीदने के बाद काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। टाटा मोटर्स खुद भी बंद होने की कगार पर पहुंच गई थी। इसके बाद कंपनी ने बड़े पैमाने पर इंजीनियरिंग में बदलाव किए और कुछ मॉडल भारत में बनाने शुरू किए... कई साल बाद आखिरकार वह मुनाफा कमाने में सफल हुई। उन्होंने यूरोपीय संघ के किसी नियम का विस्तार से उल्लेख नहीं किया। हालांकि, भारत और कुछ अन्य देशों ने ईयू की कार्बन सीमा समायोजन व्यवस्था (सीबीएएम) को लेकर चिंता जताई है।
कार आयात कोटा और भारत में विनिर्माण
ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) से कारों के आयात के लिए तय कोटा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके तहत मुख्य रूप से महंगी कारों को शामिल किया गया है, जबकि कम कीमत वाली कार का खंड को अभी नहीं खोला गया है। उन्होंने उन लक्जरी कार कंपनियों का उदाहरण दिया, जिन्होंने शुरुआत में भारतीय बाजार की संभावनाएं परखने के बाद पुणे में विनिर्माण संयंत्र स्थापित किए।
युवा आबादी से भारत को अवसर
गोयल ने भारत की युवा आबादी की ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देश को ऐसे समय में अवसर मिलते हैं, जब कई अर्थव्यवस्थाओं में बुजुर्ग आबादी का अनुपात बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जर्मनी और जापान जैसे देशों में भारतीय कामगारों की मांग है।
भारतीय बाजार के लिए रेनो की ब्रिजर एसयूवी
ब्रिजर एसयूवी भारतीय बाजार के डिजाइन की गई : रेनो
पेरिस, एजेंसी। फ्रांस की वाहन विनिर्माता कंपनी रेनो के सीईओ फ्रांस्वा प्रोवोस्ट ने सोमवार को कहा कि नई चार मीटर से कम लंबाई वाली एसयूवी 'ब्रिजर' को भारत में स्थानीय बाजार के लिए विकसित और डिजाइन किया गया है। हालांकि, इसमें वैश्विक बाजारों में उतरने की भी क्षमता है। पेरिस मोटर शो में उन्होंने कहा कि रेनो अपने वाहनों में नई प्रौद्योगिकियां तेजी से ला रही है। इनमें नई पीढ़ी की बैटरी से लेकर 'जेमिनी एआई' सहायक तक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत में ब्रिजर हमारी प्रमुख एसयूवी होगी।

