पितृपक्ष : विष्णुचरण पर खीर से बने पिंड चढ़ाकर पितरों के विष्णुलोक की कामना
पितृपक्ष : विष्णुचरण पर खीर से बने पिंड चढ़ाकर पितरों के विष्णुलोक की कामना पितृपक्ष : विष्णुचरण पर खीर से बने पिंड चढ़ाकर पितरों के विष्णुलोक की कामना
पितृपक्ष मेले के छठे दिन गुरुवार को पूर्वजों के लिए भरणी श्राद्ध हुआ। विष्णुपद मंदिर परिसर में स्थित तीन वेदियों पर पिंडानियों ने त्रिपाक्षिक गयाश्राद्ध किया। विष्णुपद, रूद्रपद व ब्रह्मपद वेदी पर पिंडदान कर पूर्वजों के मोक्ष की कामना की। मुख्य रूप से खीर से पिंड बनाकर वेदियों पर चढ़ा पितरों के ब्रह्मलोक प्राप्ति की प्रार्थना की। त्रिपाक्षिक के अलावा एक दिनी गयाश्राद्ध के तहत हजारों पिंडदानियों ने फल्गु, विष्णुपद और अक्षयवट का विधान पर पिंडदान संपन्न किया। तीन व पांच दिन वाले पिंडदान समाप्त होने के साथ नए पिंडदानी शुरू भी कर रहे हैं। एक व तीन दिनी पिंडदान के लिए तीर्थयात्रियों का आना-जाना लगा है। यह सिलसिला अंत तक चलेगा। पितृपक्ष के सातवें दिन शुक्रवार को त्रिपाक्षिक गयाश्राद्ध के तहत विष्णुपद मंदिर परिसर में ही सोलह वेदियों में से पांच कार्तिकपद, दक्षिणाग्निपद, गार्हपत्याग्निपद, आह्वनीयाग्निपद व सूर्यपद वेदियों पर पिंडदान होगा.
सोलह वेदी में अधिक रही भीड़, पिंडदान के साथ विष्णुचरण के दर्शन-पूजन किए
त्रिपाक्षिक गयाश्राद्ध कर रहे पिंडदानी गुरुवार की अहले सुबह अपने आवासन स्थल से विष्णुपद के लिए निकल पड़े। सुबह ही विष्णुपद मंदिर पिंडदानियों की भीड़ से पट गया। दोपहर बाद तक भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ विधान वाली वेदियों पर रही। पूर्वजों की मोक्ष की कामना लिए पिंडदानियों ने सोलह वेदी परिसर में स्थित रूद्रपद व ब्रह्मपद वेदी पर पिंड अर्पित किए। सोलह वेदी परिसर में फिसलन के कारण तीर्थयात्रियों को काफी दिक्कत हुई। भीड़ के कारण सुरक्षा के साथ साफ-सफाई की तगड़ी व्यवस्था रही। श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभूलाल विट्ठल व सचिव गजाधर लाल पाठक ने कहा कि गुरुवार से सोलह वेदी पर पिंडदान शुरू हुआ है। आश्विन कृष्ण पक्ष अष्टमी रविवार तक विष्णुपद में त्रिपाक्षिक गयाश्राद्ध करने वालों की भीड़ होगी। हालांकि इस बार अष्टमी व नवमी तिथि एक ही दिन चार अक्तूबर को होने के कारण विष्णुपद में भीड़ कम होगी। उन्होंने बताया कि इस वक्त सबसे अधिक भीड़ एक, तीन व सात दिन वाले पिंडदानियों की है। अध्यक्ष ने बताया कि विष्णुपद में अगले तीन दिन अधिक भीड़ होगी। 4 अक्तूबर नवमी तिथि को लेकर सीताकुंड व रामकुंड वेदी पर त्रिपाक्षिक विधान शुरू होने पर भीड़ थोड़ी कमेगी.

