संग्रामपुर में पिकअप की ठोकर से अधेड़ की मौत, मचा कोहराम
संग्रामपुर में एक पिकअप की ठोकर से 57 वर्षीय राजकुमार ओझा की मौत हो गई। घटना सोमवार को हुई जब वह एसएच 74 किनारे चल रहे थे। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया और चालक फरार हो गया। मृतक के परिजनों को सांत्वना दी गई और सहायता राशि की मांग की गई।

संग्रामपुर । अरेराज- हाजीपुर मुख्य पथ एसएच 74 पर भवानीपुर चौक के समीप सोमवार को पिकअप की ठोकर से अधेड़ की घटना स्थल पर मौत हो गई। मृतक उतरी भवानीपुर पंचायत के वार्ड सात निहालु टोला गांव के सुखी ओझा का 57 वर्षीय पुत्र राजकुमार ओझा था। उनकी पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अनूप कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पहुंच आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझा कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। मृतक के पुत्र त्रिलोकी ओझा ने बताया कि राजकुमार ओझा घर से पैदल निकल कर एसएच 74 किनारे पहुंचे थे।
तभी लापरवाह पिकअप चालक ने पेड़ को तोड़ते हुए उनको रौंद दिया। इससे उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप जब्त कर लिया गया है । चालक गाड़ी छोड़ भाग निकला। परिजनों के द्वारा आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। उतरी भवानीपुर पंचायत के मुखिया रेणु देवी के प्रतिनिधि ओंकार प्रसाद जायसवाल ने परिजनों को सांत्वना देते हुए आपदा के तहत मृतक के परिजन को सहायता राशि मुहैया कराने की मांग की है।


