मविवि में पीएचडी कोर्स वर्क इंडक्शन कार्यक्रम में शोध की गुणवत्ता पर दिया गया जोर
मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग में पीएचडी कोर्स वर्क इंडक्शन-सह-ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति ने शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और समाजोपयोगी शोध करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में 70 से अधिक शोधार्थियों ने भाग लिया और शोध नैतिकता एवं आधुनिक शोध पद्धतियों पर चर्चा की गई।

मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग में बुधवार को पीएचडी कोर्स वर्क इंडक्शन-सह-ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सत्र 2022-23 के इस कार्यक्रम में 70 से अधिक शोधार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने कहा कि पीएचडी केवल शैक्षणिक उपाधि नहीं, बल्कि नए ज्ञान के सृजन और समाज की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शोधार्थियों से मौलिक, गुणवत्तापूर्ण और समाजोपयोगी शोध करने का आह्वान किया। साथ ही शोध नैतिकता, अनुशासन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया। विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. एसएनपी यादव दीन ने विषय की गहन समझ विकसित करने और आधुनिक शोध पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी।
कुलसचिव प्रो. बीके मंगलम ने विश्वविद्यालयीय नियमों के अनुरूप शोध कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने की बात कही। विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कोर्स वर्क की संरचना, अकादमिक आवश्यकताओं और शोध प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिप्रा सोलंकी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुमित कुमार ने किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


