टीएमबीयू के पीजीआरसी की बैठक स्थगित, नए रेगुलेशन से फंसा पेंच
एक दिन पूर्व नए रेगुलेशन से मांगी थी शोध निदेशक की सूची लोकभवन से मांगा

भागलपुर, वरीय संवाददाता टीएमबीयू में लंबे समय से पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्च काउंसिल (पीजीआरसी) की बैठक का इंतजार कर रहे शोधार्थियों को और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, गुरुवार को होने वाली पीजीआरसी की बैठक अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गई है। यह समस्या पीएचडी के लिए नए रेगुलेशन को लेकर हुई है। दो अक्टूबर को लोकभवन से पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के लिए राज्य के सभी विवि के कुलपति के लिए आदेश जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि चार जुलाई 2026 के बाद जो भी पीएचडी पंजीयन होगा, उस पर रेगुलेशन 2026 लागू किया जाएगा।
नए नियमों का प्रभाव
जबकि विवि में पैट 2023 की परीक्षा के बाद रिसर्च मैथडोलॉजी से लेकर अन्य प्रक्रियाएं रेगुलेशन 2016 के मुताबिक हुई हैं। टीएमबीयू में पीजीआरसी की बैठक में देरी हो गई, इसी कारण मामला अब नए रेगुलेशन को लेकर फंस गया है। विद्यार्थियों का तर्क है कि पीएचडी का पंजीयन रिसर्च मैथडोलॉजी की तिथि से ही माना जाता है, ऐसे में नामांकन अलग रेगुलेशन और पंजीयन अलग रेगुलेशन से कैसे हो सकता है। इससे उन लोगों को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
विश्वविद्यालय की प्रतिक्रिया
विवि ने नए रेगुलेशन के मुताबिक ही मंगलवार को सभी हेड को पत्र लिख कर शोध निदेशक के नामों में संशोधन करते हुए सूची मांगी थी। नए रेगुलेशन के मुताबिक तीन वर्ष से कम जिन शिक्षकों की सेवानिवृति बची है। वे शोध निदेशक नहीं बन सकते हैं। जबकि रेगुलेशन 2016 के मुताबिक डिपार्टमेंट रिसर्च काउंसिल (डीआरसी) से तीन साल से कम सेवानिवृति वाले शिक्षकों का भी नाम शोध निदेशक के रूप में भेजा गया है। जब विवि द्वारा इस मामले में लोकभवन और वरीय अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश प्राप्त कर लिए जाने के बाद ही पीजीआरसी की बैठक संभव है। इस मामले को लेकर कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा से मिले। उन्होंने नियम से ही प्रक्रिया करने की बात कही है।

