मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी करने और शोषण रोकने की मांग
पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) ने उत्तराखंड में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में महंगाई के अनुसार बढ़ोतरी सहित छह मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पार्टी ने मजदूरों के शोषण और अत्याचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उनकी शिकायतों में कम मजदूरी और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाओं की कमी शामिल हैं।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) ने उत्तराखंड में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में महंगाई के अनुरूप बढ़ोतरी करने समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पार्टी ने एसडीएम मोनिका को ज्ञापन देकर मजदूरों के शोषण और अत्याचार पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद ने ज्ञापन में कहा कि मजदूर प्रदेश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन उन्हें मेहनत के अनुरूप उचित वेतन नहीं मिल रहा है। महंगाई के चलते मजदूरों और उनके परिवारों का जीवन कठिन हो रहा है। कई स्थानों पर कम मजदूरी, समय पर वेतन नहीं मिलने, अधिक कार्य लेने और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाओं के अभाव की शिकायतें हैं।
पार्टी ने न्यूनतम वेतन में वृद्धि, समय पर पूरा वेतन दिलाने और अनावश्यक कटौती रोकने, मजदूरों के शोषण व बंधुआ मजदूरी के खिलाफ कार्रवाई, ठेकेदारों एवं नियोजकों द्वारा श्रम कानूनों के उल्लंघन की नियमित जांच, ईएसआई, पीएफ व दुर्घटना बीमा समेत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की। इस दौरान अंशुमन सिंह, इरशाद अंसारी, खालिकुर्रहमान, मनोज कुमार गुप्ता और नवल किशोर आर्या समेत अन्य मौजूद रहे।

