पेंशनरों ने मांगी आठवें वेतन आयोग में हिस्सेदारी
वाराणसी में, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन ने शास्त्री घाट पर धरना-प्रदर्शन किया। पेंशनरों ने सरकार की पेंशन विरोधी नीतियों की निंदा करते हुए 12 सूत्री मांगपत्र प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग में शामिल न करना उनके अधिकारों का उल्लंघन है।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की वाराणसी शाखा की तरफ से मंगलवार को शास्त्री घाट पर धरना-प्रदर्शन किया गया। पेंशनरों ने सरकार की पेंशन विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को 12 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों को शामिल न करके सरकार उनके अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है। दिवाकर द्विवेदी ने कहा कि सांसद और विधायक अपनी पेंशन तो ले रहे हैं और सेवानिवृत्त लोगों की पेंशन छीन रहे हैं। निरंजन श्रीवास्तव ने कहा कि जो हमारी सुनेगा, हम उसी की सुनेंगे।
श्रीकांत पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन मोहन श्रीवास्तव ने भी विचार रखे। जिलामंत्री अशोक सिंह ने 12 सूत्रीय मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाए। राशिकरण की कटौती 15 वर्ष की जगह 10 वर्ष में हो। कोरोना काल के 18 माह का डीआर (डियरनेस रिलीफ यानी महंगाई राहत) का एरियर मिले। उन्होंने अन्य मांगों की भी चर्चा करते हुए सरकार को चेताया कि अगर मांगें पूरी नहीं हुई तो हम और दमदारी से संघर्ष करेंगे।उमाकांत पांडेय, राजेश पांडेय, सीताराम, रामअवतार यादव, राजेश दीक्षित, सुरेश सिंह सहित दर्जनों वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। धरना प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर सिंह, जिलामंत्री अशोक सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन मोहन श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिपाल सिंह, अनिल कुमार शर्मा, प्यारेलाल, रामजी पटेल, भारत भूषण चौधरी, बंसी यादव, धर्मदेव यादव, कृष्णमुरारी सिंह, राकेश दीक्षित, माता प्रसाद, राजकुमार, राम किशुन राजभर, ओमप्रकाश पांडेय, रवींद्र कुमार सिंह, कृपाशंकर, काशीनाथ सिंह, श्रीनाथ विश्वकर्मा, हरिवंश सिंह आदि रहे।


