मद्य निषेध अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 50 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
बांका, निज संवाददाता।बांका, निज संवाददाता। मध्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अंतर्गत अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) पद पर नियुक्ति के लिए

बांका, निज संवाददाता। मध्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अंतर्गत अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) पद पर नियुक्ति के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के सभी 10 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। परीक्षा शुरू होने से पूर्व जिला पदाधिकारी ने सीएमएस उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुर (बांका), एमडीएन हाई स्कूल, डुमरामा (अमरपुर) तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतेहपुर, कठेल (अमरपुर) समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा की तैयारियां
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बिहार सरकार एवं परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न होनी चाहिए। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,864 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें 1,931 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,933 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल अभ्यर्थियों में लगभग आधे ही परीक्षा देने पहुंचे। प्रशासन के अनुसार किसी भी परीक्षा केंद्र से कदाचार, हंगामा अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी कोई प्रतिकूल सूचना प्राप्त नहीं हुई। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिसके कारण परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


