दीपिका शर्मा को न्याय की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
दीपिका शर्मा प्रकरण में न्याय और पीड़ित परिवार की मांगों को पूरा करने के लिए पीस पार्टी ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। नवल किशोर शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है। परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई है।

मऊ, संवाददाता। दीपिका शर्मा प्रकरण में न्याय दिलाने और पीड़ित परिवार की मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर पीस पार्टी ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा गया। धरने का नेतृत्व पीस पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र 354 से पार्टी प्रत्याशी नवल किशोर शर्मा एडवोकेट ने किया। उन्होंने कहा कि दीपिका शर्मा के साथ हुई घटना ने समाज को प्रभावित किया है। पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय, सम्मान और सरकारी मदद की मांग कर रहा है।नवल किशोर शर्मा ने बताया कि वे पहले दिन से ही गोरखपुर, लखनऊ और मऊ तक पीड़ित परिवार की आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका मकसद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। ज्ञापन में मांग की गई कि दीपिका शर्मा प्रकरण की जांच हो और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले। इसके अलावा, परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और रहने के लिए घर या जमीन देने की भी मांग की गई।


