इस्लाम में अनुशासन का क्या रोल है?
पीसीएस 2025 के साक्षात्कार के 13वें दिन अभ्यर्थियों से संविधान, धर्म, इतिहास, समाज और अर्थव्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रश्नों में युवा आंदोलन, तलाक के कारण, अल नीनो, भारत-चीन व्यापार घाटा और मुद्रा विनिमय शामिल थे। उम्मीदवारों से वेनेजुएला, मध्य पूर्व के संघर्ष, शिवाजी-अफजल खान, गांधीवादी सिद्धांत, जेलों पर औपनिवेशिक प्रभाव तथा बिजनेस और स्टार्टअप के अंतर पर भी विचार मांगे गए।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में चल रहे पीसीएस 2025 के साक्षात्कार के 13वें दिन गुरुवार को अभ्यर्थियों से विविध विषयों से प्रश्न पूछे गए। इंटरव्यू बोर्ड ने एक अभ्यर्थी से पूछा कि इस्लाम में अनुशासन का क्या रोल है। रामायण और महाभारत का दर्शन क्या है। संविधान का संरक्षक कौन है, प्रयागराज के कोई तीन कवियों के नाम बताइए। जो युवा आंदोलन कर रहे हैं, यह किस हद तक सही है और इस पर आपका क्या विचार है। वर्तमान समय में तलाक अधिक होने के क्या कारण हैं। अल नीनो क्या है। भारत का दक्षिणतम बिंदु (साउथ पॉइंट) और उत्तरतम बिंदु (नॉर्थ पॉइंट) कौन-सा है।
एक गैर-संवैधानिक है, एक अनैतिक है और एक संविधान के विरोधी है, तो आप इसमें से किसको चुनेंगे, वेनेजुएला में राष्ट्रपति को उठा लिया गया, इसके बारे में बाकी सारे देश क्या बोल रहे हैं और यूएन क्या कर रहा है। भारत और चीन के व्यापार संबंध में क्या समस्याएं हैं, ट्रेड डेफिसिट क्यों हो रहा है और हम क्या कर सकते हैं। अफगानिस्तान हमसे इतना गरीब है, लेकिन डॉलर के मुकाबले उनकी करेंसी (मुद्रा) हमसे बेहतर क्यों है। भारत जो अभी बहुत सारे देशों के साथ ट्रेड (व्यापार) कर रहा है और पैसे इधर-उधर हो रहे हैं, क्या उसकी वजह से तो हमारी करेंसी पर असर नहीं हो रहा है।मिडिल ईस्ट में क्या युद्ध चल रहा है और उसमें कौन-कौन से देश शामिल हैं। एक अभ्यर्थी से पूछा कि अगर आपको संविधान संशोधन करना हो और आपको अथॉरिटी दी जाए, तो आप क्या करोगे। इतिहास में आप शिवाजी और अफजल खान को कैसे देखते हैं, गांधीजी के तीन सिद्धांत (सत्य, अहिंसा आदि) को आप जेल में कैसे अप्लाई करते हैं, जेलों पर कॉलोनियल (औपनिवेशिक) क्या प्रभाव है और बिज़नेस और स्टार्टअप में क्या अंतर है।

