रेल प्रशिक्षण संस्थान का पीसीसीएम ने किया निरीक्षण
रेल प्रशिक्षण संस्थान का पीसीसीएम ने किया निरीक्षणशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को ल

गाजीपुर, संवाददाता। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक और मुख्य राजभाषा अधिकारी पीसी जायसवाल ने शनिवार को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलकर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थान में की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मॉडल रूम, पुस्तकालय, कवच लैब, जिम, मनोरंजन कक्ष और मेस का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान में प्रज्ञान आईटी लैब का उद्घाटन भी किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पीसी जायसवाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने रेलकर्मियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं से संबंधित संस्थान द्वारा तैयार पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने पुस्तक के प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और यात्री सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में वाराणसी मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, संस्थान के प्रधानाचार्य पीके मिश्र, अनुदेशक, वार्डन सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के अंत में पीसी जायसवाल ने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना की।


