पौड़ी में साधन सहकारी सचिवों की कलमबंद हड़ताल शुरू
पौड़ी में गुरुवार से पैक्स सचिव कर्मचारी संयुक्त संगठन के आह्वान पर साधन सहकारी समिति सचिवों की कलमबंद हड़ताल शुरू हो गई। सचिव नई समितियों के विरोध और विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। अगर रविवार तक कोई कार्रवाई नहीं होती, तो वे सोमवार से धरना देने की चेतावनी दे चुके हैं।
पौड़ी। पौड़ी में गुरुवार से पैक्स सचिव कर्मचारी संयुक्त संगठन के आह्वान पर साधन सहकारी समिति सचिवों की कलमबंद हड़ताल शुरू हो गई।
सहकारी समिति सचिवों की मांगें
सहकारी साधन सचिव खुल रही नई समितियों के विरोध, समिति द्वारा दिए जाने वाले लोन की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाएं जाने , गेहूं व धान की खरीद पैक्स के माध्यम से किए जाने, सहकारी ढांचे में सचिवों के साथ कार्मिकों को शामिल किए जाने और पैक्स कैडर सचिव एवं सहकारी कार्मिकों राज्य स्वास्थ्य योजना गोल्डन कार्ड से जोड़े जाने जैसी मांगों पर कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
संघठन का विरोध
संगठन के जिला अध्यक्ष एसके नवानी ने कहा कि रविवार तक उक्त मांगों को लेकर संगठन कलमबंद हड़ताल पर है। यदि मांगों पर कोई कदम नहीं उठता तो सोमवार से प्रदेश रजिस्टार दफ्तर देहरादून के कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पौड़ी जिले में 114 साधन सहकारी समिति संचालित होती है। यूनियन पदाधिकारियों के मुताबिक यदि हर ग्रामसभा में समितियां खुलती है, तो पहले से चल रही समितियों के अस्तित्व पर भी खतरा हो जाएगा। लिहाजा नई समितियों के खोले जाने का विरोध किया जा रहा है।
हड़ताल का प्रभाव
सचिवों की कलमबंद हड़ताल की वजह से गुरुवार से ही ग्रामीण बचत केंद्रों यानी मिनी बैंकों में लेन-देन प्रभावित रहा। इसके साथ ही पंडित दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत वितरित होने वाले शून्य फीसदी के लोन से लेकर खाद विरतण आदि भी प्रभावित होने शुरू हो गए। संगठन मंत्री विपिन बिष्ट के मुताबिक सचिवों को शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर जैसे पदों पर पदोन्नतियां दी जानी चाहिए। कहा कि साधन सहकारी समितियों को संचालित करने वाले सचिव और कार्मिक विभागीय ढांचे में ही शामिल नहीं है। ऐसे में कार्मिकों में रोष है।

