कट्टा और तीन कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
पतरघट पुलिस ने रात के समय गश्ती के दौरान गोलमा बासा टोला से एक बदमाश सुमीत मुखिया उर्फ बहिरा को कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पतरघट, एक संवाददाता। पतरघट पुलिस ने मंगलवार रात गश्ती के दौरान गोलमा बासा टोला मुख्य मार्ग से एक बदमाश को कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासा टोला गोलमा पश्चिमी निवासी सुमीत मुखिया उर्फ बहिरा के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि रात में गश्ती के दौरान पुअनि निधि गुप्ता और पीटीसी धर्मवीर चौधरी पुलिस वाहन के साथ गोलमा मुख्य मार्ग पर थे। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पतरघट और सौरबाजार थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के तीन- चार मामलों में आरोपी रहा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


