दो विषयों में फेल होने पर भी थर्ड ईयर परीक्षा में बैठने की छात्रा को अनुमति
पटना हाईकोर्ट ने खुशबू कुमारी को तीसरे वर्ष की मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी। उन्होंने सेकेंड ईयर में दो विषयों में फेल होने के बाद कोर्ट में अर्जी दायर की थी। विश्वविद्यालय पर सेकेंड सप्लीमेंट्री परीक्षा नहीं कराने का आरोप लगाया गया। कोर्ट ने छात्रा के एक साल बर्बाद होने से बचाते हुए यूनीवर्सिटी को परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया।

पटना हाईकोर्ट ने यूनानी मेडिकल छात्रा को बड़ी राहत दी है। न्यायमूर्ति हरीश कुमार की एकल पीठ ने कदमकुआं स्थित सरकारी तिब्बी कॉलेज में बीयूएमएस 2021-2026 सत्र की छात्रा खुशबू कुमारी की अर्जी को मंजूर करते हुए आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी को 3 अक्टूबर से शुरू होने वाली थर्ड ईयर मुख्य प्रोफेशनल परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का आदेश दिया है। कटिहार निवासी खुशबू कुमारी सेकेंड ईयर के फर्स्ट सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 में दो विषयों में फेल हो गई थी, जिसका रिजल्ट गत 20 अगस्त को प्रकाशित किया गया था। नियम के अनुसार यूनिवर्सिटी को तय समय में सेकेंड सप्लीमेंट्री परीक्षा करानी थी, लेकिन आज तक न परीक्षा हुई, न शेड्यूल जारी हुआ।
इसी बीच थर्ड ईयर मेन परीक्षा की तारीख 3 अक्तूबर घोषित कर दी गई। आवेदिका के अधिवक्ता ने नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (एनसीआईएसएम) के 16 फरवरी 2022 के गजट के क्लॉज 11(बी)(ii) का हवाला देते हुए कहा कि सेकेंड प्रोफेशनल में एक या दो विषय में फेल छात्र को थर्ड फाइनल प्रोफेशनल सत्र में शामिल करने की की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे ही एक केस में कोर्ट ने छात्रों को अगली परीक्षा में बैठने की अनुमति दी थी।विश्वविद्यालय के अधिवक्ता ने क्लॉज 10(सी)(ii) का हवाला देते हुए कहा कि थर्ड ईयर में बैठने से पहले फर्स्ट और सेकेंड के सभी विषयों में पास होना अनिवार्य है। कोर्ट ने क्लॉज 11(बी)(ii) और सेकेंड सप्लीमेंट्री समय पर नहीं कराने को यूनिवर्सिटी की चूक करार दिया। कोर्ट ने कहा कि छात्रा का एक साल बर्बाद होगा। कोर्ट ने यूनिवर्सिटी और कॉलेज को सभी औपचारिकताएं पूरी कर छात्रा को परीक्षा में बैठने देने के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल फॉर्म और फीस स्वीकार करने सहित प्रोविजनल एडमिट कार्ड जारी करने का आदेश दिया। यूनिवर्सिटी को उचित समय में सेकेंड सप्लीमेंट्री परीक्षा कराने को कहा।

