किसानों की समृद्धि के लिए साथ आएंगे पंतनगर और पतंजलि
पंतनगर विश्वविद्यालय और पतंजलि मिलकर किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। आचार्य बालकृष्ण ने इस सहयोग का प्रस्ताव दिया, जिसमें औषधीय पौधों, उन्नत बीज और बाजार पहुंच पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। किसानों को प्रशिक्षण और उत्पादों की सुनिश्चित खरीद की व्यवस्था के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।

पंतनगर, संवाददाता। किसानों की आय बढ़ाने और उत्तराखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय और पतंजलि साथ मिलकर काम करेंगे। 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के दूसरे दिन रविवार को पहुंचे आचार्य बालकृष्ण ने विश्वविद्यालय के सामने व्यापक सहयोग का प्रस्ताव रखा। उन्होंने औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों, उन्नत बीज और रोपण सामग्री के उत्पादन के साथ किसानों के प्रशिक्षण, उत्पादों की सुनिश्चित खरीद, प्रसंस्करण और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में संयुक्त प्रयास की बात कही। गांधी हॉल में किसानों को संबोधित करते हुए आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पंतनगर के कृषि अनुसंधान और पतंजलि के संसाधनों व बाजार व्यवस्था को जोड़कर किसानों के लिए बेहतर मॉडल विकसित किया जा सकता है।
केवल उत्पादन बढ़ाने की सलाह देने से काम नहीं चलेगा, किसानों के उत्पाद की उचित कीमत और बाजार भी सुनिश्चित करना होगा। विश्वविद्यालय, सरकार, किसान और उद्योग एक साथ आएं तो उत्तराखंड की कृषि को नई दिशा देने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पतंजलि पंतनगर विश्वविद्यालय के साथ मिलकर औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों के साथ उन्नत बीज व रोपण सामग्री के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तैयार है। किसानों को प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों की सुनिश्चित खरीद की व्यवस्था भी विकसित की जा सकती है। आंवला उत्पादन और प्रसंस्करण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ने पर कृषि उत्पादों की कीमत और पहचान दोनों बढ़ती हैं। आचार्य बालकृष्ण ने प्राकृतिक और जैविक खेती पर जोर देते हुए कहा कि कृषि केवल अन्न उत्पादन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की आधारशिला है। मिट्टी की सेहत बचाने के लिए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल को कम करना होगा। उन्नत बीज, वैज्ञानिक तकनीक और प्राकृतिक खेती के समन्वय से गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादन किया जा सकता है। कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने सहयोग के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय किसान हित में पतंजलि सहित अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान मेले का उद्देश्य विश्वविद्यालय के शोध और तकनीक को किसानों के खेतों तक पहुंचाना भी है। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. जितेंद्र क्वात्रा ने बताया कि मेले में 550 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि की नई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, वैज्ञानिक, शिक्षक, विश्वविद्यालय के अधिकारी और पतंजलि परिवार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

