टोल पर बंद हो गई जनरथ बस, यात्रियों ने धक्का देकर निकाला
परिवहन निगम की बसों की खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक बस की छत से पानी टपकने और एसी जनरथ बस के इंजन में खराबी के मामले सामने आए हैं। यात्रियों ने बस को धक्का देकर बाहर निकाला, और फिर उसे ठीक होने के बाद गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।

परिवहन निगम की बसों की मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही के कारण यात्रियों का सफर आफत बनता जा रहा है। हाल ही में बस की छत से पानी टपकने के कारण एक यात्री का लैपटॉप भीगने का मामला सामने आया था, वहीं, रविवार को एक और एसी जनरथ बस के खराब होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अधिकारियों से बातचीत में पता चला कि चारबाग डिपो की यह एसी जनरथ बस आलमबाग से 12 सवारियां लेकर गोरखपुर जा रही थी। यह बस अभी रौनाही टोल प्लाजा पहुंची ही थी कि टोल लेन में अचानक इसका इंजन बंद हो गया, जिससे पीछे चल रहे वाहनों के पहिये थम गए।
कोई विकल्प न देख, बस में सवार यात्रियों ने आनन-फानन में धक्का देकर बस को टोल लाइन से बाहर निकाला। कुछ देर खड़े रहने के बाद जब बस का इंजन दोबारा स्टार्ट हुआ, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में चारबाग डिपो के एआरएम बनारसी राम ने बताया कि बस खराब होने की सूचना मिलते ही मौके पर मैकेनिक भेजकर उसे अटैंड कराया गया। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद यात्रियों को उसी बस से गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया है।


