पायलट ने फिर विमान ले जाने से किया इंकार, यात्रियों का हंगामा
वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर वाराणसी-बेंगलुरु उड़ान में पायलट ने कान में दर्द का हवाला देते हुए उड़ान से मना कर दिया। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने हंगामे को शांत कराने के प्रयास किए और वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दिया।

यूपी के वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी स्थिति उत्पन्न हो गई, जब इंडिगो वाराणसी-बेंगलुरु के विमान को उड़ाने से पायलट ने मना कर दिया। जबकि सभी जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद विमान में सवार हो गए थे। जानकारी मिलते ही यात्री हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही सीआईएसफ क्यूआरटी के जवानों के साथ इंडिगो के अधिकारी मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर यात्रियों को शांत कराया। पांच घंटे तक जिच के बाद 4:45 बजे विमान बेंगलुरु के लिए उड़ान भर सका।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइन्स का विमान सख्या 6ई 6559 वाराणसी से 178 यात्रियों को लेकर सुबह 11:45 बजे बेगलुरु के लिए उड़ान भरना था। पायलट ने कान में दर्द का हवाला देते हुए विमान को ले जाने से मना कर दिया।
इस सूचना पर यात्रियों में खलबली मच गई। हंगामा कर रहे यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन देकर शांत कराया गया। इसके बाद विमान से डी-बोर्ड कर सभी को उतार दिया गया। सभी को टर्मिनल भवन मे बैठाया गया है। नियत समय पर अपने गतंव्य तक न पहुंच पाने पर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान एयरलाइन्स कर्मियों से नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उधर, दूसरे पायलट को दिल्ली के विमान से बुलाया जा रहा है। इसके बाद शाम 4:30 बजे विमान रवाना होगा। बता दें कि बीते गुरुवार को भी मुंबई के इंडिगो विमान के पायलट ने तबियत ख़राब होने का हवाला देते हुए ले जाने से मना कर दिया था। हैदराबाद से वाराणसी पहुंचे दूसरे पायलट ने लगभग 4 घंटे के बाद विमान को उड़ान भरा था।

