एयरपोर्ट पर फर्जी वीजा के साथ यात्री को पकड़ा
नई दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट पर थाईलैंड से लौटे यात्री अशोक कुमार को इमिग्रेशन स्टांप के छेड़छाड़ और फर्जी चीनी वीजा के आरोप में पकड़ा गया। 28 वर्षीय अशोक के पासपोर्ट की जांच में कई गड़बड़ियां पाई गईं, जिनमें फर्जी वीजा और संदिग्ध स्टांप शामिल हैं।

नई दिल्ली। थाईलैंड से भारत लौटे यात्री को आईजीआई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन स्टांप से छेड़छाड़ और चीन के फर्जी वीजा लगवाने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी ने चीन का वीजा क्यों और किससे लगवाया था।पुलिस ने बताया कि 28 वर्षीय अशोक कुमार हरियाणा के करनाल में रहता है। 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे बैंकॉक से दिल्ली पहुंचा था। इमिग्रेशन जांच के दौरान उसके भारतीय पासपोर्ट में कई गड़बड़ियां मिलीं।पुलिस के मुताबिक इमिग्रेशन के अधिकारियों ने शिकायत में बताया कि पासपोर्ट पर दिल्ली इमिग्रेशन का 4 जनवरी 2022 का डिपार्चर स्टांप मिला, जबकि रेकॉर्ड के अनुसार यात्री ने 6 जनवरी 2023 को देश छोड़ा था।
थाईलैंड आने-जाने के स्टांप भी संदिग्ध पाए गए।जांच में पासपोर्ट पर लगा चीनी वीजा भी फर्जी पाया गया। अधिकारियों के अनुसार वीजा पर वैधता अवधि 10 सितंबर 2021 से 11 जून 2021 थी, जो पासपोर्ट जारी होने की तारीख 6 जुलाई 2022 से भी मेल नहीं खाती।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


