आईटीबीपी की एएसआई परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड मेडल
आईटीबीपी की असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 65 किलोग्राम बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीता। हरियाणा के रोहतक की निवासी, परवीन ने अपनी ड्यूटी के साथ खेल में भी महानता हासिल की। उनकी इस सफलता पर आईटीबीपी व मुख्य अधिकारियों ने शुभकामनाएं दी।

आईटीबीपी की एएसआई परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड मेडल बरेली, मुख्य संवाददाता। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की तृतीय वाहिनी, बरेली में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर परवीन हुड्डा ने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय खेल पटल पर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 65 किलोग्राम बॉक्सिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
परवीन की सफलता
हरियाणा के रोहतक की रहने वाली परवीन हुड्डा न सिर्फ बॉक्सिंग रिंग में देश के लिए मेडल जीत रही हैं, बल्कि आईटीबीपी में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद पर अपनी सरकारी जिम्मेदारी और ड्यूटी को भी पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। खेल और देश सेवा का यह अनूठा समन्वय उनकी सबसे बड़ी खासियत है। परवीन हुड्डा की इस ऐतिहासिक सफलता पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक, सेनानी तृतीय वाहिनी व तृतीय वाहिनी बरेली के समस्त अधिकारियों व पदाधिकारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
ऐतिहासिक उपलब्धियां
बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी इस जीत को आईटीबीपी फोर्स व पूरे देश के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया है। वर्दी की गरिमा बनाए रखते हुए देश के लिए वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराना असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर परवीन के करियर की सबसे बड़ी प्रेरणादायक उपलब्धियों में से एक हैं। परवीन का अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने का सफर : • साउथ एशियन गेम्स (2019) : काठमांडू में आयोजित इस टूर्नामेंट में उन्होंने 60 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। • एशियन एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप (2022) : जार्डन के अम्मान में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 63 किलोग्राम कैटेगरी में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। • एशियन गेम्स (2026) : अब 65 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपने करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ लिया है।


