परगट ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला
परगट सिंह ने रविवार को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला और कहा कि यह केवल पद नहीं, बल्कि पंजाब के प्रति बढ़ी हुई जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए सकारात्मक राजनीति और पंजाब के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। नेताओं ने एकजुट होकर किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली सरकार की जरूरत पर जोर दिया।

- कहा- यह सिर्फ पद नहीं, पंजाब की जिम्मेदारी भी बढ़ी है चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगत सिंह ने रविवार को कांग्रेस भवन में पदभार संभाला। इस मौके पर उन्होंने पंजाब कांग्रेस प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। लोगों को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, मेरे लिए यह सिर्फ पद संभालना नहीं है, बल्कि पंजाब के प्रति मेरी जिम्मेदारी भी बढ़ी है।इस दौरान उन्होंने सकारात्मक राजनीति की जरूरत पर जोर दिया। कहा, पंजाब के मुद्दे सबसे पहले हैं। उन्होंने भगवंत मान सरकार की आलोचना की। कहा कि पंजाब के लोग नफरत की राजनीति को पसंद नहीं करते हैं।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चन्नी ने कहा कि एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। पंजाब, पंजाबियत, किसानों, मजदूरों और दुकानदारों की लड़ाई लड़नी है। वहीं, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, पंजाब एक ऐसी नई सरकार के गठन का इंतजार कर रहा है, जो लोगों की जान, कारोबार और परिवारों की रक्षा करे। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधायक राणा गुरजीत सिंह और सुखपाल सिंह खैरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।


